नागपुर: नेपाल में बाढ़ जैसे हालात के बीच वहां फंसे नागपुर जिले के नागरिकों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। नागपुर कलेक्टोरेट के आपदा प्रबंधन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों से नेपाल में फंसे नागपुरवासियों की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।
प्रशासन के मुताबिक, नेपाल में यदि नागपुर जिले का कोई नागरिक फंसा हुआ है या उसके संबंध में कोई जानकारी है, तो 0712-2562668 और 8860018817 पर संपर्क किया जा सकता है। इन नंबरों के जरिए प्रशासन यात्रियों की जानकारी जुटाकर जरूरत पड़ने पर सहायता पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
यात्रियों की जानकारी जुटाने पर जोर
नेपाल में अचानक बने बाढ़ जैसे हालात के कारण कई यात्रियों और पर्यटकों के सामने मुश्किलें खड़ी हुई हैं। ऐसे में नागपुर प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि नेपाल गए जिले के नागरिकों की स्थिति की जानकारी समय पर मिल सके। वहीं, नेपाल स्थित भारतीय दूतावास की ओर से भी आपातकालीन संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जरूरतमंद यात्रियों से संबंधित जानकारी WhatsApp के जरिए भी साझा की जा सकती है। फंसे हुए यात्रियों और पर्यटकों की जानकारी जुटाने के लिए विशेष ऑनलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने के बजाय सही और पुष्ट जानकारी साझा करें। यदि परिवार का कोई सदस्य या परिचित नेपाल में फंसा है, तो उसकी जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि प्रशासन तक सूचना पहुंच सके और आवश्यक मदद की जा सके।
हेल्पलाइन नंबर :
0712-2562668
8860018817


