नागपुर : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नागपुर के महल स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। यहां बहनों ने संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह के साथ राष्ट्र सेवा और सामाजिक एकता का संदेश भी सामने आया।
इस अवसर पर भारत तिब्बत सहयोग मूवमेंट और भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़ी बहनों ने सहभागिता की। कुंगा डीके, तेनजिन कालसंग, मिताली मेढ़े और प्रशंसा भोयर ने संघ के वरिष्ठ नेता सुरेश उपाख्य भैया जी जोशी, अखिल भारतीय प्रचार सह प्रमुख प्रदीप जी जोशी सहित उपस्थित स्वयंसेवकों और बंधुओं को रक्षासूत्र बांधा। रक्षासूत्र बांधते समय बहनों ने सभी के सुख, स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। वहीं उपस्थित पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक गणेश शेटे सहित संघ के अनेक गणमान्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे। रक्षाबंधन के इस आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, आपसी स्नेह और देशसेवा की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। राखी के इस पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते की मिठास के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी दिखाई दिया। इसी सकारात्मक संदेश के साथ रक्षाबंधन उत्सव संपन्न हुआ।


