महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है। ऐसे में लोगों को उमस और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल जोरदार या मूसलधार बारिश की संभावना नहीं है।
विदर्भ और मराठवाड़ा के कई इलाके अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश में आई इस कमी की वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है। इसके असर से पूरे राज्य में एक साथ व्यापक बारिश होने की संभावना कम हो गई है। बारिश थमने से आसमान साफ हो गया है और कई जगहों पर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की आशंका जताई गई है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग ने पुणे के घाटमाथा क्षेत्र, रायगढ़, ठाणे, नाशिक, अहिल्यानगर, संभाजीनगर और जालना जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सातारा, सोलापुर और धाराशिव में भी येलो अलर्ट है, हालांकि वहां हर जगह समान रूप से बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह तक राज्य में कहीं-कहीं हल्की और मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद 21-22 जुलाई के आसपास बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है, लेकिन अत्यधिक या अतिमूसलधार बारिश की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है।
गौरतलब है कि जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन मराठवाड़ा के अनेक जिलों में अब भी वर्षा की कमी बनी हुई है। पश्चिम विदर्भ, सोलापुर और उत्तर-मध्य महाराष्ट्र के कुछ जिलों में भी इसी तरह की स्थिति देखी जा रही है। किसान अब आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


