पुणे. महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) की अंतरक्षेत्रीय राज्यस्तरीय नाट्य प्रतियोगिता ‘नाट्यबहार’ में नागपुर मंडल के ‘थलाई कुथल’ नाटक ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कोल्हापुर मंडल के ‘समोरच्या घरात’ नाटक को दूसरा स्थान मिला। पुणे के लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे नाट्यगृह, पद्मावती में 21 और 22 अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का गुरुवार शाम उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में सामाजिक विषयों पर आधारित चार नाटकों के माध्यम से महावितरण के कर्मचारियों की अभिनय प्रतिभा देखने को मिली।
पुरस्कार वितरण समारोह में महावितरण के निदेशक (मानव संसाधन) राजेंद्र पवार, सहप्रबंध निदेशक दिलीप जगदाले, कार्यकारी निदेशक परेश भागवत और अंकुर कावळे, पुणे प्रादेशिक निदेशक सुनील काकडे, नागपुर प्रादेशिक निदेशक राजेश नाईक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। निर्णायक मंडल में राज काझी, अजय धनवे, शुभांगी पाठक और राज कुबेर शामिल रहे।
राजेंद्र पवार ने कहा कि दैनिक कार्यों की जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद बिजली कर्मचारियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा को जीवित रखा है। महावितरण के कलाकार पेशेवर नाटकों के स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं। दिलीप जगदाळे ने भी चारों नाटकों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में निर्देशन के लिए प्रफुल्ल लांडे को प्रथम और अमित बोकील को द्वितीय पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जयतीर्थ सांगलीकर और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार श्वेता सांगलीकर ने जीता। नेपथ्य, प्रकाश व्यवस्था, पार्श्व संगीत तथा रूपसज्जा एवं वेशभूषा के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रभारी मुख्य अभियंता ज्ञानदेव पडळकर के नेतृत्व में पुणे मंडल ने प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इस आयोजन ने कर्मचारियों को अपनी कला प्रदर्शित करने और सामाजिक विषयों को रंगमंच के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर दिया।


