Monsoon Alert Rain Forecast : देश के कई हिस्सों में बारिश की कमी के बीच अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 सितंबर को देश के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले तीन दिनों में ओडिशा से गुजरात की ओर बढ़ सकता है। इसके असर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, केरल, त्रिपुरा और नागालैंड में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
महाराष्ट्र में कहां-कहां बारिश?
12 सितंबर को उत्तर कोंकण, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। वहीं 13 सितंबर को लगभग पूरे महाराष्ट्र में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। 12 सितंबर को दक्षिण कोंकण और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के चार जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 13 सितंबर को उत्तर कोंकण, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। वहीं नंदुरबार और नासिक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 14 और 15 सितंबर को कोंकण में भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दो दिन महाराष्ट्र के लिए बारिश के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
बारिश की कमी के बीच राहत की उम्मीद
इस साल महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का वितरण असमान रहा है। कुछ क्षेत्रों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है। सितंबर के पहले सप्ताह में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन अनेक इलाके अपेक्षाकृत सूखे रहे। ऐसे में अगले दो दिनों में होने वाली बारिश किसानों और जलस्रोतों के लिए राहत लेकर आ सकती है। हालांकि, जिन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है, वहां लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की जरूरत है।


