वर्धा : दयाल नगर स्थित संत गोदड़ीवाला धाम में सिंधी समाज दयाल नगर, वर्धा की ओर से तान्हा पोला पर्व का भव्य आयोजन किया गया। पिछले 10 वर्षों से यहां तान्हा पोला पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में बच्चों ने आकर्षक रूप से सजाए गए नंदी महाराज के साथ हिस्सा लिया। नंदी महाराज की सुंदर सजावट, बच्चों की वेशभूषा और पारंपरिक रूप-सज्जा के लिए विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। दयाल नगर के नगरसेवक श्री सुरेश गुलाबचंद आहुजा के हाथों बच्चों को विशेष पुरस्कार दिए गए। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कुल 251 बच्चों को पुरस्कार, खिलौने और अन्य उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। तान्हा पोला पर्व के माध्यम से बच्चों में भारतीय परंपरा और संस्कृति के प्रति सम्मान के साथ ही गौवंश के प्रति प्रेम की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।
आयोजन के दौरान समाज के नागरिकों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में पारंपरिक पर्व का भक्तिमय और आनंदमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम का आयोजन संकल्प सिंधी समाज, दयाल नगर, वर्धा की ओर से किया गया।


