मुंबई : सुबह ऑफिस जाने की जल्दी, स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और उसी बीच लोकल के थम जाने से मुंबईकरों की परेशानी बढ़ गई। मध्य रेलवे की सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी आने से नाहूर से भांडुप के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। लोकल के रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (27 अगस्त) सुबह करीब साढ़े सात बजे मध्य रेलवे मार्ग की सिग्नल प्रणाली में खराबी आ गई। इसके चलते नाहूर और भांडुप के बीच कुछ लोकल ट्रेनें रुक गईं। सुबह का समय होने के कारण बड़ी संख्या में लोग ऑफिस और अपने काम के लिए घरों से निकले थे। ऐसे में लोकल के रुकने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। लोकल सेवा प्रभावित होने का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों के समय पर पड़ा। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों की बेचैनी बढ़ती नजर आई। कई यात्रियों को समय पर ऑफिस पहुंचने की चिंता सताने लगी और लेटमार्क लगने का डर भी बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि सिग्नल प्रणाली में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए रेलवे कर्मचारियों की ओर से मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे सेवा जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में थोड़ी देर की रुकावट भी हजारों यात्रियों के पूरे दिन के शेड्यूल को प्रभावित कर देती है। आज सुबह हुई इस तकनीकी खराबी के कारण एक बार फिर मुंबईकरों को इसी परेशानी का सामना करना पड़ा।


