नागपुर : शंकरनगर स्थित सरस्वती विद्यालय हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दक्षिण भारतीय शिक्षा संस्था के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के करियर को लेकर सही दिशा और आवश्यक जानकारी देना था।
कार्यक्रम में अभिनंदन हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य, शिक्षाविद्, करियर काउंसलर एवं प्रेरणादायी वक्ता डॉ. नरेंद्र विद्याधर भुसारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न करियर विकल्पों, करियर प्लानिंग और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार सही क्षेत्र चुनने के महत्व पर सरल भाषा में जानकारी दी। विद्यार्थियों के मन में करियर को लेकर कई सवाल और दुविधाएं होती हैं। डॉ. भुसारी ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही समय पर मिली उचित जानकारी विद्यार्थियों को भविष्य के फैसले आत्मविश्वास के साथ लेने में मदद करती है।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्याध्यापिका डॉ. रेश्मी उमेश ने डॉ. भुसारी का पौधा भेंट कर स्वागत किया। शैक्षणिक विकास समिति के सह-अध्यक्ष डॉ. सुरेश चारी ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उपमुख्याध्यापिका शैली अय्यर तथा पर्यवेक्षक राहुल घोडे और शैलेंद्र ठाकूर ने भी कार्यक्रम की उपयोगिता और विद्यार्थियों के भविष्य के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन स्वामीनाथन अय्यर ने किया। विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम न केवल करियर विकल्पों की जानकारी देने वाला रहा, बल्कि अपने भविष्य को लेकर सोचने और सही दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाला भी साबित हुआ।


