मुंबई : पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश के बाद अब धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 23 से 27 जुलाई तक महाराष्ट्र के लिए जिलावार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान किसी भी जिले के लिए रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट कायम रखा गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। अब बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पुणे घाट और सातारा घाट क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पालघर, नाशिक घाट, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और कोल्हापुर घाट क्षेत्रों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा विदर्भ के बुलढाणा, अकोला, वाशिम, अमरावती, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में बिजली की कड़कड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शनिवार से बारिश की रफ्तार होगी धीमी
मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई से राज्य में बारिश का जोर और कम होगा। इस दिन किसी भी जिले में रेड या ऑरेंज अलर्ट नहीं रहेगा। केवल रत्नागिरी, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे घाट और सातारा घाट क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।
वीकेंड पर मिलेगी बड़ी राहत
26 और 27 जुलाई को राज्य के मौसम में और सुधार होने की संभावना है। इन दोनों दिनों में किसी भी जिले के लिए ऑरेंज या रेड अलर्ट नहीं रहेगा। केवल पुणे घाट क्षेत्र में येलो अलर्ट रहने की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में ग्रीन अलर्ट की स्थिति रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसलिए नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और जलभराव वाले स्थानों पर जाते समय सावधानी बरतें। प्रशासन की ओर से जारी किए जा रहे निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई है।


