मुंबई : मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब शहर को पानी उपलब्ध कराने वाले जलाशयों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बीते कुछ दिनों से कैचमेंट क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले चार प्रमुख बांध पूरी तरह भर चुके हैं। वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, शहर को पानी उपलब्ध कराने वाले सातों जलाशयों में जलसंचय तेजी से बढ़ा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार (23 जुलाई) को मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शहर और उपनगरों में लगातार हो रही बारिश के बीच बांधों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मुंबई की जलापूर्ति को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बीएमसी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 22 जुलाई सुबह 6 बजे से 23 जुलाई सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के बाद मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले सात जलाशयों में कुल जलसंचय 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि सिर्फ 24 घंटे में जलसंचय में 7.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मोडक सागर भी हुआ ओवरफ्लो
लगातार बारिश के चलते मोडक सागर बांध भी गुरुवार तड़के करीब 2:07 बजे पूरी क्षमता के साथ भरकर ओवरफ्लो होने लगा। इस जलाशय की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 1,28,925 मिलियन लीटर है। इसके भरने से मुंबई के जल भंडार को और मजबूती मिली है।
तानसा, तुलसी और विहार पहले ही भर चुके हैं
इससे पहले तानसा बांध बुधवार सुबह करीब 8:51 बजे ओवरफ्लो हो गया था। वहीं विहार बांध 7 जुलाई को अपनी पूरी क्षमता तक भर गया था। उसी दिन रात में तुलसी बांध भी लबालब भरकर बहने लगा। अब चार प्रमुख बांधों के भर जाने से मुंबई के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।


