मुंबई : मुंबई की लोकल ट्रेन से रोज सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। टिटवाला स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए मध्य रेलवे 28 अगस्त से 15 दिनों तक विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेने जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर रात के समय टिटवाला-कसारा रूट की लोकल सेवाओं पर पड़ेगा।
रात में बंद रहेगी सेवा
पहले चरण में 28 अगस्त की रात से 1 सितंबर की रात तक कल्याण-वाशिंद के बीच रात 11.30 बजे से सुबह 5.10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान टिटवाला-कसारा के बीच लोकल सेवा बंद रहेगी और प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम किया जाएगा। ब्लॉक से पहले सीएसएमटी से कसारा के लिए रात 10.47 बजे और टिटवाला के लिए रात 11.16 बजे आखिरी लोकल रवाना होगी। वहीं, ब्लॉक के बाद कसारा के लिए सुबह 4.19 बजे पहली लोकल चलेगी।
कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द
28 अगस्त की रात सीएसएमटी से रात 10 बजे, 10.50 बजे और 11.42 बजे चलने वाली टिटवाला लोकल रद्द रहेगी। इसके अलावा रात 12.08 बजे की सीएसएमटी-कसारा लोकल भी नहीं चलेगी। 29 अगस्त से 1 सितंबर तक सीएसएमटी से रात 10, 10.50, 11.16 और 11.42 बजे की टिटवाला लोकल रद्द रहेंगी। कुछ कुर्ला, आसनगांव और कसारा लोकल सेवाओं पर भी इसका असर पड़ेगा।
कुछ लोकल का बदलेगा रूट
ब्लॉक के चलते कुछ लोकल टिटवाला के बजाय ठाणे या कल्याण तक ही चलेंगी। सीएसएमटी से सुबह 6.30 बजे और दादर से दोपहर 3.33 बजे की टिटवाला एसी लोकल ठाणे तक सीमित रहेगी। सीएसएमटी से सुबह 11.24 बजे और दोपहर 1.42 बजे चलने वाली टिटवाला लोकल भी ठाणे तक ही जाएगी। वहीं सुबह 9.27 बजे और शाम 7.46 बजे की सीएसएमटी-टिटवाला लोकल कल्याण तक चलेगी। कुछ सेवाओं को टिटवाला के बजाय आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि कुछ लोकल आसनगांव से शुरू की जाएंगी।
एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर
पावर ब्लॉक का असर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ सकता है। कुछ ट्रेनें 10 से 20 मिनट की देरी से चलने की संभावना है। मध्य रेलवे की ओर से बाकी ब्लॉक का विस्तृत कार्यक्रम अगले चरण में जारी किया जाएगा। यात्रियों के लिए जरूरी सलाह: अगले कुछ दिनों तक रात में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन का अपडेटेड समय जरूर जांच लेना चाहिए, ताकि स्टेशन पर पहुंचने के बाद परेशानी न हो।


