मुंबई : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टी-2 टर्मिनल पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने अपनी बैग में बम होने का दावा कर दिया। यह मामला दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट के बोर्डिंग गेट पर सामने आया। यात्री के बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और उसे हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के एअरसाइड बोर्डिंग गेट पर यात्रियों के हैंडबैग की नियमित जांच चल रही थी। इसी दौरान एयरलाइन के असिस्टेंट सिक्योरिटी मैनेजर ओमप्रकाश राजभर और सुरक्षा अधिकारी रवींद्र रोकड़े यात्रियों से प्रतिबंधित सामान को लेकर पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान 55 वर्षीय अनुज जयराम सुवर्णा से भी बैग में माचिस, लाइटर, कैंची, तरल पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित वस्तु होने के बारे में पूछा गया। इसी सवाल के जवाब में यात्री ने कथित तौर पर कहा कि उसकी बैग में बम है। ‘बम’ शब्द सुनते ही सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। एयरलाइन की ओर से तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सूचना दी गई। CISF जवानों ने यात्री को हिरासत में लिया और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान में मौजूद अन्य यात्रियों को भी नीचे उतार दिया गया।
इसके बाद CISF और बम निरोधक टीम ने विमान, कार्गो और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया गया, हालांकि पूरी प्रक्रिया के चलते उड़ान में देरी हुई। मामले में CISF ने यात्री को आगे की कार्रवाई के लिए सहार पुलिस के हवाले कर दिया। सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में यात्री ने कथित तौर पर यह बात मजाक में कहने का दावा किया। बाद में उसे चेतावनी देकर छोड़ने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, यात्री का यह कथित मजाक एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी परेशानी बन गया। कुछ ही पलों के एक बयान के कारण विमान की तलाशी, यात्रियों को उतारना और सुरक्षा जांच जैसी पूरी प्रक्रिया दोहरानी पड़ी। मामले की आगे की जांच सहार पुलिस कर रही है।


