मुंबई : महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर FDA ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशों में राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़े फूड ब्रांड्स के आउटलेट्स की जांच की गई। इस कार्रवाई में Domino’s Pizza, KFC, Pizza Hut, McDonald’s, Subway, Burger King, Starbucks और Monginis जैसे बड़े ब्रांड्स शामिल रहे।
FDA ने कुल 104 प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्टोरेज से जुड़े नियमों में खामियां सामने आईं। इसके बाद 5 खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 95 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। दो व्यवसायों को तत्काल बंद भी कराया गया।
Domino’s की तीन शाखाओं पर कार्रवाई
FDA की जांच में Domino’s Pizza की कुछ शाखाओं में गंभीर कमियां सामने आईं। बोरीवली पश्चिम की एक शाखा में खाद्य पदार्थों के स्टोरेज, तापमान की निगरानी, खाद्य जांच और स्वच्छता से जुड़ी खामियां पाई गईं। इसके अलावा घाटकोपर पश्चिम के एक मॉल स्थित Domino’s आउटलेट और सातारा जिले की एक शाखा का लाइसेंस भी नियमों के उल्लंघन के चलते निलंबित किया गया।
स्वच्छता से लेकर स्टोरेज तक कई खामियां
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में पर्याप्त साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का अभाव पाया गया। कुछ जगहों पर कीट नियंत्रण की समस्या, खाद्य पदार्थों को सही तापमान पर न रखने और कच्चे माल तथा खाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों को अलग नहीं रखने जैसी कमियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड भी कुछ प्रतिष्ठानों में अधूरे पाए गए।
तुकाराम मुंढे की कार्रवाई से बढ़ी हलचल
FDA की इस कार्रवाई से बड़े ब्रांड्स में भी हलचल देखने को मिल रही है। इससे पहले 10 मिनट में डिलीवरी का दावा करने वाले Blinkit के मुंबई स्थित एक गोदाम पर भी FDA ने कार्रवाई की थी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते उसका लाइसेंस निलंबित किया गया था। FDA का ‘सुरक्षित अन्न, सुरक्षित औषध’ अभियान अब राज्यभर में तेज किया जा रहा है। कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ बड़े ब्रांड्स पर शिकंजा कसना नहीं, बल्कि लोगों तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में आने वाले दिनों में और भी प्रतिष्ठानों पर जांच और कार्रवाई की संभावना है।


