मुंबई : राज्य के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से कर्जमाफी की राशि का इंतजार कर रहे किसानों के खातों में अब पहली किस्त जमा होना शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक क्लिक के माध्यम से कर्जमाफी की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
पहले चरण में राज्य के 6 लाख 22 हजार किसानों के खातों में करीब 5 हजार करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। आधार प्रमाणीकरण प्रक्रिया पूरी कर चुके पात्र किसानों को इस योजना का लाभ मिला है। कर्ज के बोझ से परेशान किसानों के लिए यह आर्थिक सहायता एक बड़ी राहत मानी जा रही है। कई किसान लंबे समय से सरकार की ओर उम्मीद लगाए बैठे थे। अब खाते में राशि पहुंचने के बाद उनके चेहरे पर राहत देखने को मिल रही है।
सरकार की ओर से बताया गया है कि पात्रता और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने वाले अन्य किसानों को भी योजना के तहत लाभ दिया जाएगा। कर्जमाफी की यह पहली किस्त राज्य के कृषि क्षेत्र को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


