मुखेड: नांदेड जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखेड पुलिस ने अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40.25 लाख रुपये का हाइवा और रेत जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नरसी से मुखेड मार्ग पर एक हाइवा बिना किसी वैध अनुमति के रेत का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर MH-04-JU-0486 नंबर के हाइवा को रोककर उसकी जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उद्धव रामचंद्र भरकडे (30), निवासी कौडगांव, तहसील लोहा बताया। जांच के दौरान हाइवा में करीब 5 ब्रास रेत मिली, लेकिन चालक के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध रॉयल्टी रसीद या अनुमति पत्र नहीं मिला।
जांच में सामने आया कि वाहन कृष्णाजी दशरथ भरकडे, निवासी कौडगांव, तहसील लोहा, जिला नांदेड का है। पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये कीमत का हाइवा और 25 हजार रुपये मूल्य की रेत सहित कुल 40.25 लाख रुपये का माल जब्त कर लिया। इस मामले में मुखेड पुलिस स्टेशन में चालक और वाहन मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) तथा महाराष्ट्र भूमि राजस्व अधिनियम की धारा 48(7) और 48(8) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


