नागपुर : जल संरक्षण और पानी की बढ़ती समस्या को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नागपुर में आयोजित ‘महा वॉकेथॉन – वॉक फॉर वॉटर’ को युवाओं का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। पूर्व मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर मिट्टी एवं जल संरक्षण विभाग की ओर से इस वॉकेथॉन का आयोजन किया गया।
सिविल लाइंस स्थित लेडीज क्लब से सुबह करीब छह बजे वॉकेथॉन की शुरुआत हुई। विधायक चरणसिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विधायक चरणसिंह ठाकुर ने कहा कि भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए जल साक्षरता समय की जरूरत है। उन्होंने लोगों से ‘पानी रोको, पानी जमीन में उतारो, पानी बचाओ और देश को समृद्ध बनाओ’ का संदेश अपनाने की अपील की। वॉकेथॉन में एनसीसी, एनएसएस, विभिन्न युवा संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हाथों में जल संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर लेकर शामिल हुए। युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि पानी बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।
आयोजकों के अनुसार, राज्य में जल संरक्षण को लेकर चल रहे प्रयासों में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और मिट्टी एवं जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस पहल का आयोजन किया गया। जलस्रोतों के संरक्षण और पानी के जिम्मेदारी से इस्तेमाल का संदेश लेकर निकली यह रैली शहर में जल जागरूकता का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनी। कार्यक्रम में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. कमलकिशोर फुटाणे, अधीक्षक अभियंता हनुमंत खटके, अधीक्षक अभियंता विपीन साखरकर, उपविभागीय जल संरक्षण अधिकारी वैभव सोनवणे, राजेंद्र शाम, सावन जयस्वाल, श्रीकांत ढोके, वरिष्ठ भूवैज्ञानिक वर्षा माने, जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चिखले और जल विशेषज्ञ प्रवीण महाजन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। वॉकेथॉन की सफलता के लिए अधीक्षक अभियंता हनुमंत खटके, कार्यकारी अभियंता विपीन साखरकर, सावन जयस्वाल, श्रीकांत ढोके और वैभव सोनवणे सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रयास किए।


