नागपुर, सतीश तोडासे ( प्रतिनिधी ) : छिंदवाड़ा के सांसद माननीय श्री बंटी विवेक साहू ने आज नागपुर में WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे से सदिच्छा भेंट की। इस अवसर पर WCL के पेंच एवं कन्हान क्षेत्रों में कोयला उत्पादन बढ़ाने तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कन्हान क्षेत्र के पुनरुत्थान के दृष्टिगत प्रस्तावित भारत ओपन कास्ट, मौरी अंडरग्राउंड एवं नारायणी ओपन कास्ट परियोजनाओं की प्रगति एवं संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। क्षेत्र के समग्र विकास के संदर्भ में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के विकास हेतु WCL की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। साथ ही, कन्हान क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार से संबंधित विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। पेंच क्षेत्र के संबंध में डॉ. पांडे ने माननीय सांसद को क्षेत्र के विकास एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी। उर्धन ओपन कास्ट खदान से संबंधित R&R कार्य को शीघ्र आगे बढ़ाने तथा कोयला उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से लगभग 1.5 मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली विष्णुपुरी अंडरग्राउंड से ओपन कास्ट परियोजना के प्रस्ताव की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में पेंच क्षेत्र में लगभग 70 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग पर भी चर्चा हुई। माननीय सांसद श्री बंटी विवेक साहू ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े इन प्रयासों में सहयोग का आश्वासन दिया। यह भेंट क्षेत्रीय विकास, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा सुविधाओं एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद का अवसर रही।


