पुलगांव : मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले पुलगांव रेलवे स्टेशन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का पुनर्विकास अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन तैयार होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव देगा।
वर्ष 2023-24 में स्वीकृत इस परियोजना के तहत स्टेशन परिसर का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, पार्किंग का उन्नयन, आकर्षक लैंडस्केपिंग, नए प्रवेश द्वार, आधुनिक शौचालय, स्टेशन भवन के बाहरी हिस्से का सौंदर्यीकरण, नया बुकिंग कार्यालय-सह-प्रतीक्षालय, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, चार लिफ्ट, प्लेटफॉर्म पर कवर, आधुनिक साइनेज और टिकाऊ फर्नीचर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना के तहत कई अहम कार्य पूरे भी हो चुके हैं। प्लेटफॉर्म पर छह बे वाले कवर ओवर प्लेटफॉर्म का निर्माण पूरा कर लिया गया है। स्टेशन पर आधुनिक साइनेज, स्टेशन नाम पट्ट, हाई मास्ट लाइटिंग, सजावटी पोल और अन्य सॉफ्ट अपग्रेडेशन का काम भी पूरा हो चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टी लाइन डिस्प्ले, जीपीएस क्लॉक और इंडोर वीडियो डिस्प्ले सिस्टम भी शुरू कर दिए गए हैं। नए यात्री फर्नीचर भी लगाए जा चुके हैं।
वहीं, शेष कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है, जबकि डेक शीट लगाने का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। चारों लिफ्ट की नींव तैयार है और स्टील स्ट्रक्चर का करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा किया जा चुका है। मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टेशन नाम पट्ट लगाने, लिफ्ट स्थापित करने और शेष साइनेज का कार्य भी जारी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद पुलगांव रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यह परियोजना अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भारतीय रेलवे के स्टेशन आधुनिकीकरण अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।


