मुंबई : बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उनका लुक पहले से काफी दुबला नजर आया। वीडियो देखने के बाद कई फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जताने लगे थे। सोशल मीडिया पर लगातार यही सवाल उठ रहा था कि आखिर सलमान खान को क्या हुआ है?
इसी बीच सलमान खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर नया फोटोशूट शेयर कर फैंस की चिंता को कुछ हद तक कम कर दिया। ब्लैक एंड व्हाइट थीम में सामने आई इन तस्वीरों में सलमान हमेशा की तरह स्टाइलिश अंदाज में नजर आए। उन्होंने ब्लैक शर्ट, ब्राउन जैकेट और हैट पहनकर अपना दमदार लुक दिखाया। हालांकि, तस्वीरों से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके कैप्शन ने खींचा। सलमान खान ने लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” उनके इस सवाल को फैंस ने बेहद खास अंदाज में लिया और कमेंट सेक्शन में उनके लिए प्यार और दुआओं की बौछार कर दी। कई यूजर्स ने लिखा कि पहले आप अपनी तबीयत का ध्यान रखिए, हम सब ठीक हैं।
60 साल की उम्र में भी सलमान खान की फिटनेस और स्टाइल का जलवा बरकरार है। यही वजह है कि उनकी हर पोस्ट कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती है। वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा वह निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की अगली फिल्म की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। हाल ही में वह रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में भी नजर आए थे।


