बॉलीवुड अभिनेता अहान शेट्टी के लिए ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद एक नया मौका सामने आया है। फिल्म को मिली शानदार सफलता के बाद अब अहान अपनी अगली फिल्म ‘सनकी’ के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका निभाएंगे। खास बात यह है कि इस बार भी उनके अंदाज में एक्शन देखने को मिलेगा, लेकिन कहानी में रोमांस और भावनाओं का भी अहम हिस्सा होगा।
‘सनकी’ की शूटिंग भोपाल में होगी शुरू
‘सनकी’ का निर्देशन टीनू सुरेश देसाई करेंगे, जो इससे पहले ‘रुस्तम’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ज्ञानेंद्र वासुदेव ने इस फिल्म की कहानी लिखी है। फिल्म की शूटिंग 30 अक्टूबर से भोपाल में शुरू होने वाली है। इसके लिए निर्देशक टीनू सुरेश देसाई अपनी टीम के साथ पहले ही भोपाल पहुंच चुके हैं। फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, इसे एक रोमांटिक फिल्म बताया जा रहा है, जिसमें दमदार एक्शन और रोमांच भी देखने को मिलेगा। ऐसे में दर्शकों को अहान शेट्टी के एक अलग अंदाज की झलक मिल सकती है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी अहान की नजर
‘बॉर्डर 2’ के बाद अहान अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी सोच-समझकर आगे बढ़ रहे हैं। ‘सनकी’ के अलावा वह विक्रम भट्ट की फिल्म ‘1920: कोल्ड विंटर’ में भी नजर आएंगे। इसके साथ ही उनके कुछ अन्य प्रोजेक्ट्स की शूटिंग 2027 में शुरू होने की संभावना है।
‘सनकी’ का निर्माण वी द पीप रोअरिंग रिवर प्रॉडक्शन्स और पाल्स एंड पीअर्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘बॉर्डर 2’ के बाद अहान शेट्टी ‘सनकी’ के जरिए दर्शकों के बीच अपनी कैसी छाप छोड़ते हैं और उनकी यह नई फिल्म उनके करियर को किस दिशा में आगे ले जाती है।


