मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर लंबे समय से रिलीज डेट पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि फिल्म अब 2027 में रिलीज होगी। हालांकि, अब मेकर्स ने नया पोस्टर जारी कर इन अटकलों पर काफी हद तक विराम लगा दिया है।
सोमवार (20 जुलाई) को सलमान खान फिल्म्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह का रोमांटिक अंदाज नजर आ रहा है। पोस्टर पर “2026” का उल्लेख किया गया है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि फिल्म की रिलीज 2026 में ही तय की जा रही है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। बता दें कि ‘मातृभूमि’ पहले अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। इसके बाद अगस्त 2026 और फिर 2027 में रिलीज होने की चर्चाएं सामने आईं। अब नए पोस्टर ने फैंस के बीच एक बार फिर उत्साह बढ़ा दिया है। हालांकि, फिल्म किस तारीख को सिनेमाघरों में आएगी, इसका इंतजार अभी भी बना हुआ है।
फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक झड़प से प्रेरित है। फिल्म में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह पहली बार उनके साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया।


