मुंबई: पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी के कारण किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई थी। अब मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई समेत राज्य के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले आठ दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
सोमवार सुबह से मुंबई, पुणे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसका असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा पर भी देखने को मिला। पश्चिम और मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट, जबकि हार्बर लाइन की ट्रेनें करीब 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से घबराने के बजाय यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेट देखने की अपील की है।मौसम विभाग ने पुणे और सातारा के घाट क्षेत्रों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी और हिंगोली जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश का यह दौर खरीफ फसलों के लिए राहतभरा साबित हो सकता है। लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और किसानों को खेती के कार्यों में मदद मिलेगी। हालांकि, लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।


