वर्धा : महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। वर्धा जिले के विरुल क्षेत्र के पास इथेनॉल से भरे एक टैंकर ने कथित तौर पर पीछे से एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लगभग 5 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि, मृतकों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और वाहन को हटाकर यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
हादसे के कारण समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। समृद्धि महामार्ग पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।


