सातारा : पश्चिम महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब कोयना बांध के जलसंग्रह पर साफ दिखाई देने लगा है। महज एक रात मे बांध में 1.42 टीएमसी पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार (20 जुलाई) सुबह 8 बजे तक कोयना बांध का कुल जलसंग्रह 58.89 टीएमसी (55.95 प्रतिशत) तक पहुंच गया, जिससे जलसंपदा विभाग के साथ-साथ कृष्णा घाटी के किसानों और नागरिकों में राहत का माहौल है।
रविवार (19 जुलाई) रात तक बांध में 57.42 टीएमसी पानी था, जो लगातार हो रही बारिश के कारण तेजी से बढ़ा। सोमवार सुबह बांध का जलस्तर 2117.04 फीट (645.363 मीटर) दर्ज किया गया। इसमें 53.77 टीएमसी उपयोगी जलसंग्रह उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 53.70 प्रतिशत है। फिलहाल बांध में 27,129 क्यूसेक की रफ्तार से पानी की आवक जारी है। यदि बारिश का यही सिलसिला बना रहा तो आने वाले दिनों में जलसंग्रह में और तेज़ बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान कोयना बांध के जलग्रहण क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई। नवजा में 106 मिमी, कोयना में 95 मिमी और महाबलेश्वर में 82 मिमी वर्षा हुई। वहीं, इस मानसून सीजन में अब तक नवजा में 2209 मिमी, कोयना में 1924 मिमी और महाबलेश्वर में 2606 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
जुलाई के दूसरे पखवाड़े में बारिश ने दोबारा जोर पकड़ने से कोयना बांध तेजी से भर रहा है। इससे कृष्णा घाटी में सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और जलविद्युत उत्पादन के लिए स्थिति लगातार बेहतर होती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने घाट क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जलसंपदा विभाग को उम्मीद है कि कोयना बांध का जलसंग्रह और बढ़ सकता है।


