मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम होना है। इसी कार्यक्रम से पहले पुलिस ने संदिग्ध तरीके से परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक के पास बंदूक भी बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को NMACC में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
खुद को PMO अधिकारी बता रहा था युवक
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक की पहचान रोहन पारेख के रूप में हुई है। वह कार्यक्रम स्थल के आसपास संदिग्ध तरीके से घूम रहा था और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के सामने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था। उसके पास PMO अधिकारी होने का पहचान पत्र भी मिला। हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान यह पहचान पत्र फर्जी होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
साथ मौजूद गार्ड के पास थी बंदूक
रोहन पारेख के साथ एक सुरक्षा गार्ड भी मौजूद था। पुलिस ने बताया कि इसी गार्ड के पास से बंदूक बरामद की गई है। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उनकी जांच की और मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।
क्राइम ब्रांच कर रही जांच
मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार, 7 सितंबर को हुई। आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के जरिए कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की कोशिश की थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेने के बाद BKC पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। अब मुंबई क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की जांच कर रही है। फर्जी पहचान पत्र किसने तैयार किया, बंदूक कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंची और आरोपियों का मकसद क्या था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


