नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी 76 वर्ष के हो जाएंगे। उनके जन्मदिन को खास बनाने के लिए भाजपा की ओर से देशभर में अलग-अलग सामाजिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी रहेगी।
रक्तदान शिविर से होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 5 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ नामक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा और सामाजिक भागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर पर भी कार्यक्रम
7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका यह सफर गुजरात से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचा। नितीन नवीन ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के विचार के साथ लगातार काम किया है। इसी सेवा यात्रा को केंद्र में रखते हुए भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा यात्रा’ निकालने की भी तैयारी है। इसके अलावा 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। भाजपा की इन तैयारियों से साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी का इस साल का जन्मदिन केवल एक राजनीतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पार्टी इसे सेवा और सामाजिक भागीदारी से जोड़कर बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है।


