पुणे : गणेशोत्सव के दौरान पुणे शहर के मध्यवर्ती इलाकों में लोगों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। गणेशोत्सव की खरीदारी से लेकर अलग-अलग गणेश मंडलों के आकर्षक झांकियां देखने तक, बड़ी संख्या में नागरिक घरों से बाहर निकलते हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुणे शहर में भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।
12 से 26 सितंबर तक 24 घंटे प्रतिबंध
12 सितंबर से 26 सितंबर तक शहर के 12 प्रमुख मार्गों पर भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही 24 घंटे बंद रहेगी। इसमें शास्त्री रोड पर सेनादत्त चौकी चौक से अलका चौक, तिलक रोड पर जेधे चौक से अलका चौक और कुमठेकर रोड पर शनिपार से अलका चौक तक का मार्ग शामिल है। इसके अलावा लक्ष्मी रोड पर संत कबीर चौक से अलका चौक, केळकर रोड पर फुटका बुरुज से अलका चौक, बाजीराव रोड पर पुरम चौक से गाडगीळ पुतला और शिवाजी रोड पर गाडगीळ पुतला से जेधे चौक तक भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कर्वे रोड पर नलस्टॉप चौक से खंडोजीबाबा चौक, फर्ग्युसन कॉलेज रोड पर खंडोजीबाबा चौक से वीर चाफेकर चौक और जंगली महाराज रोड पर स. गो. बर्वे चौक से खंडोजीबाबा चौक तक भी यही प्रतिबंध लागू रहेगा। इसके साथ ही सिंहगढ़ रोड पर राजाराम ब्रिज से सावरकर चौक और गणेश रोड/मुदलियार रोड पर पावरहाउस, दारुवाला जिजामाता चौक से फुटका बुरुज चौक तक भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। गणेशोत्सव के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात को व्यवस्थित रखने और किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए ये बदलाव किए गए हैं। नागरिकों से इन यातायात प्रतिबंधों का ध्यान रखने और पुणे शहर यातायात पुलिस को सहयोग करने की अपील की गई है।


