सरकारी बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने लोकल बैंक ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत देश के 20 राज्यों में कुल 2,482 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महाराष्ट्र में 218 पद
इस भर्ती में गुजरात में सबसे ज्यादा 1,185 पद हैं। इसके बाद कर्नाटक में 418, महाराष्ट्र में 218, तमिलनाडु में 135, ओडिशा में 100 और आंध्र प्रदेश में 80 पद हैं। इसके अलावा तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, असम, पंजाब और गोवा समेत अन्य राज्यों में भी पदों पर भर्ती होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
लोकल बैंक ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ ही RBI की दूसरी अनुसूची में शामिल किसी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में कम से कम एक साल का कार्य अनुभव भी होना चाहिए। इस भर्ती में एक खास शर्त यह है कि उम्मीदवार को जिस राज्य के लिए आवेदन करना है, वहां की स्थानीय भाषा पढ़ना, लिखना और बोलना आना जरूरी है। उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र में 3 से 10 साल तक की छूट मिलेगी।
85 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
लोकल बैंक ऑफिसर JMG/S-I स्केल का पद है। चयनित उम्मीदवारों को ₹48,480 से ₹85,920 तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा बैंक के नियमों के अनुसार अलग-अलग भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी। नियुक्ति के बाद उम्मीदवारों को 12 महीने की प्रोबेशन अवधि में रखा जाएगा।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LPT) और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा में अंग्रेजी भाषा, बैंकिंग नॉलेज, सामान्य/आर्थिक जागरूकता, रीजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 120 प्रश्न होंगे और 120 अंक होंगे। परीक्षा के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा। गलत जवाब पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य, EWS और OBC उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹850 है। वहीं SC, ST, PWBD, ESM, DESM और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क ₹175 रखा गया है। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज PDF फॉर्मेट में अपलोड करने होंगे। सरकारी बैंक में करियर बनाने का सपना देख रहे और जरूरी योग्यता पूरी करने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती एक अच्छा मौका है। आवेदन करने से पहले बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में दी गई योग्यता, अंतिम तिथि और अन्य सभी शर्तों को जरूर पढ़ लें।


