मुंबई : फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। ऑस्कर विजेता आयरिश अभिनेत्री ब्रेंडा फ्रिकर का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 16 जुलाई 2026 को डबलिन स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार, प्रशंसकों और पूरी मनोरंजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। ब्रेंडा फ्रिकर को दुनिया भर में फिल्म ‘होम अलोन 2’ में निभाई गई उनकी यादगार भूमिका के लिए खास तौर पर याद किया जाता है। उनके एजेंट फिल बेलफील्ड ने उनके निधन की पुष्टि की है।
अभिनय से बनाई अलग पहचान
17 फरवरी 1945 को जन्मी ब्रेंडा फ्रिकर ने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक में की थी। शुरुआती दौर में वे एक कला निर्देशक की सहायक के रूप में काम करती थीं। बाद में उन्हें अभिनय का मौका मिला और उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों व टीवी शोज़ में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘My Left Foot’, ‘The Secret of Roan Inish’, ‘So I Married an Axe Murderer’, ‘A Time to Kill’, ‘Cloudburst’ और टीवी ड्रामा ‘Coronation Street’ शामिल हैं।
पहली आयरिश अभिनेत्री जिन्हें मिला ऑस्कर
ब्रेंडा फ्रिकर ने 1989 की चर्चित फिल्म ‘My Left Foot’ में ‘मिसेज़ ब्राउन’ की भूमिका निभाई थी। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का अकादमी पुरस्कार (Oscar) मिला था। वे ऑस्कर जीतने वाली पहली आयरिश अभिनेत्री बनी थीं।
सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला
उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और कलाकारों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कई लोगों ने लिखा कि ब्रेंडा फ्रिकर ने अपने अभिनय से हर किरदार में संवेदनशीलता और गहराई भर दी थी। मनोरंजन जगत ने आज एक ऐसी कलाकार को खो दिया, जिसने अपने अभिनय से पीढ़ियों तक दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।


