मुंबई. देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने दो चक्रवाती सिस्टम के कारण कई राज्यों में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। इसके चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखने को मिल रही है। दक्षिण भारत के चार राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि महाराष्ट्र में सुबह ठंडक और दोपहर में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
वहीं, उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर राज्यों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। नवंबर की शुरुआत में ही देश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है, जबकि कई इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
महाराष्ट्र में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। सुबह की ठंडक से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन दोपहर की गर्मी और उमस के कारण परेशानी बढ़ रही है।
मौसम में अचानक हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। आने वाले कुछ दिनों तक भी महाराष्ट्र में इसी तरह मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


