चंद्रपुर. सरदार पटेल मेमोरियल सोसायटी (ट्रस्ट) द्वारा संचालित राजीव गांधी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी, चंद्रपुर के पॉलिटेक्निक विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत पालक-शिक्षक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रथम सत्रीय परीक्षा के परिणाम, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहार और अनुशासन को लेकर अभिभावकों के साथ चर्चा की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल चिताडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस सभा में पॉलिटेक्निक विभाग के प्रभारी प्रा. रोशन रामटेके ने प्रथम सत्र के विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों का मार्गदर्शन किया।
इसके बाद कक्षाशिक्षकों एवं प्राध्यापकों ने प्रथम सत्रीय परीक्षा के परिणामों की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर चर्चा की। इस अवसर पर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन तथा पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
सभा के दौरान अभिभावकों ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्रस्तुत कीं। महाविद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों के सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए आवश्यक सुधार करने की बात कही। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना इस सभा का प्रमुख उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम का संचालन प्रा. गौरी बुरडकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रा. मयुरी धवळे ने किया। सभा के समन्वयक की जिम्मेदारी प्रा. आशिष भरडकर ने निभाई।
इस अवसर पर पॉलिटेक्निक विभाग के प्रभारी प्रा. रोशन रामटेके, समन्वयक प्रा. आशिष भरडकर सहित प्रा. प्रकाश सोंडवले, प्रा. आशिष गोंगले, प्रा. पूजा भोमा, प्रा. निकिता देठे, प्रा. पल्लवी कामडे, प्रा. मलिक शेख सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
सभा में विभिन्न शाखाओं के कुल 170 विद्यार्थियों में से 22 विद्यार्थियों के अभिभावकों ने सहभागिता की। इस प्रकार की सभाओं से अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समन्वय मजबूत होता है तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी सहयोग प्राप्त होता है।


