महाराष्ट्र में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या जरूरी दस्तावेज जमा करने का मौका मिल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों से विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों का लाभ उठाने और 12 अक्टूबर से पहले आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 10 और 11 अक्टूबर को राज्यभर में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और संबंधित प्रक्रिया पूरी करने में मदद करना है।
किन नागरिकों को मिलेगा लाभ?
जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को आवश्यकतानुसार वैकल्पिक वैध दस्तावेज जमा करने की सुविधा भी दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और इसके लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है।
मतदाता सूची से जुड़े बदलाव पर भी नजर
दरअसल, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पिछले दो महीनों से महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। 31 अगस्त को जारी प्रारूप मतदाता सूची में पहले की सूची के करीब 2 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल नहीं होने की बात सामने आई थी। ऐसे मतदाताओं को दोबारा नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। ऐसे में जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है या जिन्हें दस्तावेजों से संबंधित नोटिस मिला है, उनके लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। पात्र मतदाता समय रहते आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों की जांच कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।


