मुंबई : महाराष्ट्र के अन्न व औषधि प्रशासन (FDA) आयुक्त IAS तुकाराम मुंढे एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। खाद्य सुरक्षा को लेकर उनकी सख्त कार्रवाई और जीरो-टॉलरेंस नीति की खबर अब दुनिया के मशहूर अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स तक पहुंच गई है। अखबार ने अपनी रिपोर्ट में तुकाराम मुंढे को ‘फूड सेफ्टी रॉकस्टार’ बताया है।
तुकाराम मुंढे की पहचान एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासनप्रिय अधिकारी के तौर पर रही है। FDA आयुक्त के रूप में उन्होंने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में होटल, रेस्टोरेंट, खाद्य विक्रेताओं और अस्वच्छ रसोई के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर छोटी दुकानों से लेकर बड़े और मशहूर रेस्टोरेंट तक किसी को भी नहीं बख्शा जा रहा है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट “In India, a Food Safety Inspector Is a Rock Star” में मुंढे की इसी मुहिम को प्रमुखता से जगह दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अस्वच्छ रसोई और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ उनकी सख्ती ने आम लोगों का ध्यान खींचा है। वहीं, रेस्टोरेंट संचालकों के बीच भी उनकी कार्रवाई को लेकर चर्चा है।
रिपोर्ट में मुंबई के एक रेस्टोरेंट में हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया गया है, जहां खाद्य सामग्री जमीन पर बैठकर काटी जा रही थी और स्वच्छता के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा करीब 100 साल पुराने Olympia Coffee House पर भी स्वास्थ्य संबंधी नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि इस जगह पर हॉलीवुड अभिनेता Matt Damon और Tom Holland जैसे सितारे भी आ चुके हैं।
तुकाराम मुंढे और उनकी टीम की कार्रवाई का दायरा सिर्फ छोटे खाद्य विक्रेताओं तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट में McDonald’s जैसी बड़ी खाद्य श्रृंखलाओं पर हुई जांच और कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है। मुंढे की इस सख्ती का सीधा संदेश यही है कि खाना बेचने वाले हर व्यक्ति और संस्थान को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करना होगा। यही वजह है कि महाराष्ट्र में शुरू हुई उनकी यह मुहिम अब अंतरराष्ट्रीय मीडिया की नजर में भी आ गई है।


