नागपुर : शराब के नशे में एक युवक ने सड़क पर ऐसा हंगामा किया कि कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में WCL कार्यालय के गेट के सामने युवक अर्धनग्न हालत में सड़क पर घूम रहा था। उसके हाथ में फावड़े थे और वह आने-जाने वाले लोगों को रोककर उन पर हमला करने की कोशिश कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक नशे में पूरी तरह धुत था। अचानक वह राहगीरों को फावड़ा दिखाकर डराने और उन पर हमला करने लगा। इसी दौरान उसने एक महिला की ओर भी फावड़ा लेकर दौड़ने की कोशिश की। महिला ने समय रहते खुद को संभाला और वहां से हटकर अपना बचाव किया। हंगामा यहीं नहीं रुका। मौके पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी की कार पर भी युवक ने फावड़े से हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। युवक ने ऐसा व्यवहार क्यों किया और घटना के पीछे की पूरी वजह क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक युवक का नाम स्पष्ट नहीं हो सका था।


