दुबई : भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर एशिया कप का खिताब आठवीं बार अपने नाम किया। टीम की इस शानदार जीत के बीच तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के लिए एक झटका देने वाली खबर सामने आई है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में ICC की आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में क्रांति गौड़ पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
मुकाबले के दौरान श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज को आउट करने के बाद क्रांति गौड़ ने पवेलियन की ओर हाथ से इशारा किया था। उनकी यह हरकत ICC को नियमों के खिलाफ लगी। इसके बाद क्रांति पर कार्रवाई की गई और उनकी मैच फीस से 10 फीसदी राशि जुर्माने के तौर पर काटी जाएगी।
ICC के मुताबिक, क्रांति गौड़ ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए तय आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया। यह नियम आउट होने वाले बल्लेबाज के प्रति अपमानजनक भाषा, हरकत या इशारे करने से जुड़ा है, जिससे बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती है। जुर्माने के साथ क्रांति गौड़ के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। यानी टीम इंडिया की एशिया कप जीत की खुशी के बीच क्रांति को मैदान पर किए गए एक इशारे की कीमत चुकानी पड़ी है।


