महाराष्ट्र में बारिश का जोर कुछ कम हुआ था, लेकिन अब मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मुंबई के उपनगरों समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश की फुहारें देखने को मिल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इससे राहत मिली है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश को लेकर नया अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 सितंबर के बीच महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
11 सितंबर को नासिक घाट क्षेत्र, परभणी, हिंगोली, नांदेड, भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। वहीं, 12 और 13 सितंबर को कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।


