मुंबई : महाराष्ट्र के चर्चित IAS अधिकारियों में शामिल तुकाराम मुंढे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। इसी बीच पान मसाला विज्ञापन मामले में अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस दिए जाने के बाद मुंढे के तबादले की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
किसान परिवार से प्रशासन तक का सफर
तुकाराम हरिभाऊ मुंढे का जन्म 3 जून 1975 को बीड जिले के ताडसोना गांव में एक किसान परिवार में हुआ। उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। 2005 बैच के महाराष्ट्र कैडर के IAS अधिकारी मुंढे अपनी सख्त और अनुशासनप्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
21 साल में 25 तबादले
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, करीब 21 साल की प्रशासनिक सेवा में मुंढे का लगभग 25 बार तबादला हो चुका है। नियमों का कड़ाई से पालन और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका रुख कई बार चर्चा का विषय रहा है। इसी वजह से उन्हें ‘सिंघम IAS’ के नाम से भी जाना जाता है।
FDA में शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मई 2026 में FDA आयुक्त का पद संभालने के बाद मुंढे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा को लेकर कई कार्रवाई की गईं। दूध, पनीर, होटल-रेस्तरां और गुटखा-पान मसाला जैसे मामलों में छापे और जांच की गई।
– 1100 से अधिक छापे और जांच
– 165 लाइसेंस निलंबित
– करीब 50 से 55 करोड़ रुपये के असुरक्षित खाद्य पदार्थ जब्त
– एनालॉग पनीर के उत्पादन, बिक्री और भंडारण पर एक साल की रोक
– आयुर्वेदिक दवा निर्माताओं के 10 लाइसेंस रद्द
पान मसाला के विज्ञापन को लेकर अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किए जाने के बाद यह कार्रवाई और ज्यादा चर्चा में आ गई है।
कार्रवाई पर सवाल भी उठे
हालांकि, पुणे की एक मिठाई दुकान का लाइसेंस निलंबित करने के मामले में मुंबई हाईकोर्ट ने FDA पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद विभाग की कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं। दूसरी ओर, मुंढे ने खाद्य सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का रुख कायम रखा है। तुकाराम मुंढे का प्रशासनिक सफर हमेशा से ही चर्चा और विवादों के बीच रहा है। अब अभिनेताओं को नोटिस और FDA की लगातार कार्रवाई के बाद उनके तबादले की चर्चाओं ने एक बार फिर सबका ध्यान उनकी ओर खींच लिया है।


