चेन्नई : नौकरीपेशा महिलाओं के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। तमिलनाडु सरकार ने महिला कर्मचारियों के लिए मैटरनिटी लीव को लेकर अहम फैसला लिया है। अब तीसरे बच्चे के जन्म पर भी महिला कर्मचारियों को 365 दिन यानी पूरे एक साल की मैटरनिटी लीव मिलेगी। राज्य के मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री ने विधानसभा में इसकी घोषणा की है।
आमतौर पर कई जगहों पर मैटरनिटी लीव का लाभ पहले दो बच्चों तक ही सीमित रहता है। लेकिन तमिलनाडु सरकार ने तीसरे बच्चे के लिए भी एक साल की छुट्टी देने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले से महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
घटती जन्मदर बनी फैसले की वजह
तमिलनाडु में घटती प्रजनन दर को इस फैसले की प्रमुख वजह माना जा रहा है। राज्य में जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के साथ ही तीसरे बच्चे के जन्म के बाद मां को पर्याप्त समय मिल सके, इसी उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
बच्चे की देखभाल के लिए मिलेगा पूरा समय
नौकरी और परिवार की जिम्मेदारियां एक साथ संभालने वाली महिलाओं के लिए बच्चे के जन्म के बाद का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान मां को नवजात की देखभाल के साथ खुद के स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना पड़ता है। सरकार के इस फैसले से महिला कर्मचारियों को नवजात बच्चे की देखभाल के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। साथ ही उन्हें करियर और परिवार के बीच बेहतर संतुलन बनाने में भी मदद मिलेगी। 365 दिनों की मैटरनिटी लीव का यह फैसला महिला कर्मचारियों के लिए राहत के साथ-साथ राज्य की बदलती जनसांख्यिकी को ध्यान में रखते हुए उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


