नवी मुंबई : मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक मामला नवी मुंबई के दिघा इलाके से सामने आया है। चलती लोकल ट्रेन पर एक युवक द्वारा पत्थर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक चलती ट्रेन की ओर पत्थर फेंकता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि पथराव करने के बाद उसने ट्रेन में मौजूद यात्रियों की ओर अश्लील इशारे भी किए। इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर रील के रूप में पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है। युवक का नाम अजय शिंदे बताया जा रहा है। हालांकि, उसकी पहचान और वायरल वीडियो की सत्यता को लेकर रेलवे पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में वीडियो की जांच कर संबंधित युवक का पता लगाने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकना महज शरारत नहीं, बल्कि यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाला गंभीर मामला है। पत्थर खिड़की से अंदर आने पर यात्री घायल हो सकते हैं। वहीं, ट्रेन के चालक या किसी महत्वपूर्ण हिस्से पर पत्थर लगने की स्थिति में बड़ा हादसा होने का खतरा भी पैदा हो सकता है। सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाने के लिए खतरनाक हरकतों की रील बनाने का चलन चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली ऐसी घटनाओं पर रेलवे प्रशासन से भी कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।


