मराठी सिनेमा और टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री प्राजक्ता माळी ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। अपनी मेहनत और शानदार अभिनय के दम पर पहचान बनाने वाली प्राजक्ता ने अब मुंबई में अपना नया आशियाना खरीदा है। खास बात यह है कि उनका नया घर शहर की चर्चित लग्जरी प्रॉपर्टी में शामिल है।
मालमत्ता पंजीकरण से सामने आई जानकारी के मुताबिक, प्राजक्ता ने मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित ओबेरॉय एक्सक्युझिट में एक आलीशान फ्लैट खरीदा है। यह फ्लैट इमारत की 28वीं मंजिल पर है। इसकी कीमत करीब 6.42 करोड़ रुपये बताई जा रही है। करीब 996 वर्ग फुट कार्पेट एरिया वाले इस अपार्टमेंट के साथ 240 वर्ग फुट की टैंडम कार पार्किंग भी है। इस प्रॉपर्टी के लिए अभिनेत्री ने करीब 32.12 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया है। दस्तावेजों के अनुसार, इस सौदे का पंजीकरण 12 अगस्त 2026 को हुआ।
घर खरीदने के लिए लिया करोड़ों का लोन
प्राजक्ता ने इस लग्जरी फ्लैट की खरीदारी के लिए होम लोन भी लिया है। जानकारी के मुताबिक, इंडियन बैंक से उन्हें 5.78 करोड़ रुपये का होम लोन मंजूर हुआ था। यानी मुंबई में अपने नए घर के लिए अभिनेत्री ने बड़ा निवेश किया है।
अभिनय से कारोबार तक बनाई अलग पहचान
प्राजक्ता माळी सिर्फ अभिनेत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक बहुआयामी कलाकार के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। ‘जुळून येती रेशीमगाठी’ से उन्हें घर-घर में लोकप्रियता मिली। इसके बाद ‘महाराष्ट्राची हास्यजत्रा’ की होस्ट के रूप में भी उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फिल्म ‘फुलवंती’ के जरिए उन्होंने निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखा। इसके अलावा उनका पारंपरिक आभूषणों का ‘प्राजक्तराज’ नाम से ब्रांड भी है। कर्जत में उनका एक आलीशान फार्महाउस भी है, जिसका नाम ‘प्राजक्त कुंज’ है। यानी अभिनय से लेकर फिल्म निर्माण और बिजनेस तक, प्राजक्ता माळी लगातार अपनी पहचान और काम का दायरा बढ़ा रही हैं। अब मुंबई में खरीदा गया यह करोड़ों का नया घर उनके इस सफर में एक और खास पड़ाव माना जा रहा है।


