महंगाई का फिर बढ़ा बोझ! अदरक-लहसुन और प्याज ने बढ़ाई चिंता

जुलाई में खुदरा महंगाई 4.45% पर पहुंची; ग्रामीण परिवारों पर ज्यादा असर, तेलंगाना सबसे आगे

नई दिल्ली : महंगाई से परेशान आम लोगों के लिए जुलाई का महीना भी राहत लेकर नहीं आया। खाने-पीने की चीजों के बढ़ते दामों के बीच जुलाई में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.45 फीसदी हो गई। यह जून में 4.38 फीसदी थी। खास बात यह है कि लगातार सातवें महीने महंगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले अदरक, लहसुन और प्याज ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। जुलाई में खाद्य महंगाई दर भी बढ़कर 5.52 फीसदी हो गई, जबकि जून में यह 5.32 फीसदी थी। यानी रोजमर्रा के खाने-पीने के सामान की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है।

अदरक-लहसुन के दामों में तेज उछाल

जुलाई में अदरक की कीमतों में सालाना आधार पर 83.62 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून में यह बढ़ोतरी 50.41 फीसदी थी। वहीं लहसुन की कीमतों में बढ़ोतरी की दर 17.93 फीसदी से बढ़कर 35.36 फीसदी हो गई। प्याज ने भी लोगों की परेशानी बढ़ाई। जून में प्याज की कीमतों में 4.73 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी, जो जुलाई में बढ़कर 22.54 फीसदी हो गई। हालांकि, हर सब्जी के दाम नहीं बढ़े। जुलाई में आलू की कीमतों में सालाना आधार पर 16.56 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। भिंडी, मटर और टमाटर की कीमतों में भी कमी देखने को मिली।

कौन-से राज्य सबसे ज्यादा महंगाई की चपेट में?

राज्यों की बात करें तो तेलंगाना में जुलाई के दौरान सबसे ज्यादा 6.32 फीसदी महंगाई दर दर्ज की गई। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 5.72 फीसदी और तमिलनाडु में 5.44 फीसदी महंगाई रही। मध्य प्रदेश में महंगाई दर 4.91 फीसदी और कर्नाटक में 4.89 फीसदी रही। वहीं महाराष्ट्र में महंगाई दर 4.09 फीसदी दर्ज की गई और राज्य इस सूची में 14वें स्थान पर रहा।

शहरों से ज्यादा गांवों पर महंगाई का असर

महंगाई का बोझ ग्रामीण परिवारों पर ज्यादा दिखाई दिया। जुलाई में ग्रामीण खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.84 फीसदी हो गई, जबकि जून में यह 4.74 फीसदी थी। वहीं शहरी क्षेत्रों में महंगाई दर जून के 3.93 फीसदी से मामूली बढ़कर 3.96 फीसदी रही। खाद्य महंगाई भी ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा रही। जुलाई में ग्रामीण खाद्य महंगाई दर 5.79 फीसदी, जबकि शहरी क्षेत्रों में 5.05 फीसदी दर्ज की गई। ऐसे में बढ़ती महंगाई का सबसे बड़ा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके घरेलू बजट में खाने-पीने की चीजों का हिस्सा ज्यादा है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से महीने का खर्च संभालना आम परिवारों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

RBI के लिए भी बढ़ी चिंता

महंगाई दर लगातार दूसरे महीने भारतीय रिजर्व बैंक के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर रही है। महंगाई को लेकर चिंता के बीच रिजर्व बैंक ने इस महीने की शुरुआत में घोषित मौद्रिक नीति में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया था। यानी आने वाले समय में महंगाई पर नजर रखना सरकार और रिजर्व बैंक दोनों के लिए अहम होगा। फिलहाल आम आदमी के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि रसोई का बढ़ता खर्च आखिर कब कम होगा?

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

मंत्रालय में 550 कर्मचारियों पर गिरी गाज, मूल विभाग में भेजे गए अधिकारी-कर्मचारी

मुंबई : मंत्रालय और मंत्रियों के कार्यालयों में बिना तय प्रक्रिया के काम कर रहे करीब 550 अधिकारी और कर्मचारियों को अब उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया…

3 महीने में 3 बड़े चक्रवातों का खतरा! 44 साल के औसत से ज्यादा रह सकती है ताकत

देश में कहीं बारिश की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है, तो अब मौसम को लेकर एक और बड़ी आशंका सामने आई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के…