पटियाला : पंजाब के पटियाला से पिटबुल के हमले का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घर देखने पहुंचे एक दंपती पर पालतू पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब एक से डेढ़ मिनट तक चले इस हमले में कुत्ते ने पति-पत्नी को 26 बार तक काटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना पटियाला के घुम्मण नगर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अंकित सभरवाल अपनी पत्नी के साथ किराए के लिए घर देखने पहुंचे थे। उनके साथ एक प्रॉपर्टी डीलर भी मौजूद था। जैसे ही घर का गेट खोला गया, अंदर से पिटबुल अचानक बाहर आया और महिला पर झपट पड़ा। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसका पीछा करते हुए हमला जारी रखा। पत्नी को बचाने के लिए पति अंकित आगे आए तो पिटबुल ने उन पर भी हमला कर दिया। कुछ ही पलों में दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
डंडा लेकर पहुंची बुजुर्ग महिला, फिर भी नहीं रुका हमला
वीडियो में देखा जा सकता है कि घर से एक बुजुर्ग महिला हाथ में डंडा लेकर बाहर आती है और कुत्ते को हटाने की कोशिश करती है। आसपास मौजूद लोगों ने भी दंपती को बचाने और पिटबुल को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में किसी की कोशिश कामयाब नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से हटाया गया। तब तक वह पति-पत्नी को कई बार काट चुका था।
पत्नी के हाथ और पति के पैर पर सर्जरी
पीड़ित अंकित सभरवाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ घर देखने गए थे। गेट खोलते ही अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हुए। उनकी पत्नी की हालत ऐसी हो गई कि डॉक्टरों को सर्जरी करनी पड़ी। वहीं, पति के हाथ और पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं और इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद पालतू कुत्तों की सुरक्षा और सार्वजनिक जगहों पर उनकी निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।


