पुणे : लंबे समय से एक दिन छोड़कर पानी मिलने की परेशानी झेल रहे पुणेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में लागू की गई पानी कटौती अब हमेशा के लिए खत्म कर दी गई है। नगर निगम आयुक्त नवल किशोर राम ने साफ कहा है कि शहर को पानी देने वाले चारों बांध पूरी तरह भर चुके हैं, इसलिए अब आगे पानी कटौती नहीं की जाएगी।
दरअसल, इस साल कम बारिश और एल-नीनो के असर की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने 15 जून से सम और विषम तारीख के आधार पर एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई शुरू की थी। उस समय पानी का इस्तेमाल सीमित रखने की अपील भी की गई थी। आषाढ़ी वारी के दौरान कुछ दिनों के लिए यह व्यवस्था हटाई गई थी। इसके बाद खड़कवासला परियोजना के जलग्रहण क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से बांधों का जलस्तर बढ़ा, लेकिन बाद में फिर से पानी कटौती लागू कर दी गई थी।
हालांकि जुलाई में लगातार अच्छी बारिश के बाद भी प्रशासन की ओर से पानी कटौती खत्म करने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। इसे लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के महासचिव हेमंत संभूस ने नगर निगम से जल्द घोषणा करने की मांग की थी। अब चारों बांध 100 प्रतिशत भर जाने के बाद नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में पानी की कोई कमी नहीं है। ऐसे में पुणेवासियों को अब नियमित रूप से पानी मिलेगा और एक दिन छोड़कर होने वाली पानी सप्लाई की व्यवस्था हमेशा के लिए समाप्त कर दी गई है।


