मुंबई : कल्याण-मुरबाड मार्ग पर रोज़ सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और बसों की कमी की शिकायतों को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (MSRTC) ने इस रूट पर एसटी बसों के फेरों में बड़ा इज़ाफा किया है। अब इस मार्ग पर 48 की जगह कुल 108 फेरे संचालित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 तक इस मार्ग पर प्रतिदिन 48 एसटी फेरे चल रहे थे, जिनसे औसतन 2,238 यात्री सफर कर रहे थे। लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को लंबा इंतज़ार करना पड़ रहा था। कई लोगों को मजबूरी में अवैध यात्री वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री ने तत्काल एसटी प्रशासन को फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद महामंडल ने इस मार्ग पर रोज़ 60 अतिरिक्त फेरे शुरू करने का निर्णय लिया, जिससे कुल फेरों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है।
इतना ही नहीं, कल्याण-मुरबाड मार्ग से आगे उंबर और अहिल्यानगर की ओर जाने वाली अन्य आगारों की एसटी बसों में भी अब मुरबाड और सरळगांव क्षेत्र के यात्रियों को सफर करने की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों का सफर पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। एसटी प्रशासन के इस फैसले से रोज़ाना यात्रा करने वाले छात्रों, कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


