महाराष्ट्र के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर शेतकरी कर्जमुक्ती योजना-2026’ के तहत पात्र किसानों के खातों में 4 अगस्त (मंगलवार) को एक साथ करीब 7 हजार करोड़ रुपये जमा किए जाएंगे। इस फैसले से किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत राज्य के 16 लाख 94 हजार किसान पात्र पाए गए हैं। आधार प्रमाणीकरण पूरा करने वाले किसानों के फसल ऋण (क्रॉप लोन) खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि जमा की जाएगी। इससे इन किसानों के लिए दोबारा फसल ऋण लेने का रास्ता आसान हो जाएगा। सरकार ने इस योजना के तहत 30 सितंबर 2025 तक बकाया 2 लाख रुपये तक के फसल ऋण को माफ करने की घोषणा की थी। वहीं, नियमित रूप से फसल ऋण चुकाने वाले किसानों को 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन देने का भी प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, जिन किसानों पर 2 लाख रुपये से अधिक का बकाया ऋण है, उन्हें पहले 2 लाख रुपये से अधिक की राशि बैंक में जमा करनी होगी। इसके बाद वन टाइम सेटलमेंट (OTS) के तहत सरकार उनके ऋण खाते में 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि जमा करेगी। योजना के पहले चरण में किसानों की सूची आयकर विभाग को जांच के लिए भेजी गई थी। जांच में 94 हजार आयकरदाता किसान अपात्र पाए गए, जिन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। जबकि शेष पात्र किसानों को आधार सत्यापन पूरा होने के बाद योजना का लाभ दिया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से किसानों पर कर्ज का बोझ कम होगा और आगामी खरीफ व रबी सीजन के लिए उन्हें समय पर वित्तीय सहायता मिल सकेगी।


