गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के भामरागढ़ तालुका में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पर्लकोटा नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण तालुका मुख्यालय की करीब 80 प्रतिशत बस्ती जलमग्न हो गई है। बाढ़ का पानी लगभग 300 घरों में घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान, अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं पानी में बह गईं। कई परिवारों के सामने अब रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है।
मौसम विभाग ने 29 जुलाई को जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। इसके बाद दिन-रात लगातार बारिश होती रही। 30 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे पर्लकोटा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और कुछ ही देर में पानी पुराने पुल के ऊपर से बहने लगा। रात करीब 12 बजे अचानक आई बाढ़ ने बाजार और रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। पुराने पुल पर पानी बहने के कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। भामरागढ़ का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, पिछले दो दिनों से बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी ठप होने से लोगों को राहत और जरूरी जानकारी तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है।
भामरागढ़ के साथ-साथ मेडपल्ली गांव में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। इसके अलावा थोडराज, दुब्बगुड़ा, कोठी, फुलनार और गुंडरवाही गांवों में भी बड़े पैमाने पर नुकसान की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। तहसीलदार के नेतृत्व में एनडीआरएफ, त्वरित आपदा प्रतिक्रिया दल और पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।


