एसटी बसों में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। महाराष्ट्र सरकार ने NCMC स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 1 सितंबर कर दी है। पहले यह व्यवस्था 1 अगस्त से लागू होने वाली थी, लेकिन बड़ी संख्या में पात्र यात्रियों को अब तक स्मार्ट कार्ड नहीं मिलने के कारण सरकार ने यह फैसला लिया है।
परिवहन मंत्री तथा महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को सिर्फ तकनीकी या प्रशासनिक देरी की वजह से यात्रा रियायतों से वंचित नहीं होने देना है। इसी कारण स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने की प्रक्रिया फिलहाल एक महीने के लिए आगे बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को एसटी यात्रा में कई तरह की रियायतें देती है। इन सभी सुविधाओं को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए NCMC स्मार्ट कार्ड लागू किया जा रहा है। हालांकि, राज्यभर में कई लोगों ने आवेदन करने के बावजूद अभी तक कार्ड प्राप्त नहीं किया है।
इधर, स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महाराष्ट्र के कई बस स्टैंड और एसटी डिपो में लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। यात्रियों की परेशानी और कार्ड वितरण में हो रही देरी को देखते हुए सरकार ने आवेदन और अनिवार्यता की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब पात्र यात्री 1 सितंबर तक स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं और तब तक उन्हें यात्रा रियायतों का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।


