मुंबई : महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि कोंकण, नाशिक और सातारा के घाट क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बीच-बीच में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं पालघर, ठाणे, रायगढ़, नाशिक घाट क्षेत्र और सातारा घाट क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इसके अलावा नंदुरबार, बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वाशिम और यवतमाल सहित विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।
प्रशासन ने किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि 25 जुलाई से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। इस दिन राज्य में किसी भी जिले के लिए रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। केवल रत्नागिरी, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे घाट क्षेत्र और सातारा के कुछ हिस्सों में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में ग्रीन अलर्ट रहने की संभावना है। ऐसे में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद लोगों और किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


