मुंबई : मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को दिनभर रुक-रुककर हुई तेज बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं अब मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
सोमवार को मुंबई शहर और उपनगरों में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, लेकिन मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत भी मिली। इस बार मानसून पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करता दिख रहा है। कुलाबा और सांताक्रूज़ क्षेत्रों में सामान्य वार्षिक वर्षा का बड़ा हिस्सा अब तक दर्ज हो चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले जलाशयों में भी लगातार पानी बढ़ रहा है। विहार और तुलसी झील पहले ही लबालब भर चुकी हैं, जबकि मोडक सागर, तानसा, अपर वैतरणा और भातसा जलाशयों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे शहर की जलापूर्ति को लेकर राहत की स्थिति बनी हुई है।
बारिश के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों से पेड़ और टहनियां गिरने, शॉर्ट सर्किट और दीवार का हिस्सा गिरने जैसी घटनाओं की शिकायतें भी सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं मिली। अगर पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में अच्छी बारिश हो रही है, जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


