सातारा : सातारा-पुणे हाईवे से सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खंबाटकी घाट के खंडाला स्थित पुराने टोल नाके के फ्लाईओवर का काम पूरा होने के बाद आज से एक लेन यातायात के लिए खोल दी गई है। करीब सात महीने के इंतजार के बाद इस मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू होने की उम्मीद है।
खंबाटकी घाट में दो नए सुरंगों का निर्माण किया गया है। इनमें से एक सुरंग में फ्लाईओवर का काम अभी जारी है। वहीं, दूसरी सुरंग से इस साल की शुरुआत में ही यातायात शुरू कर दिया गया था। हालांकि, खंडाला के पुराने टोल नाके के पास फ्लाईओवर का काम अधूरा होने के कारण वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट किया गया था। सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यहां अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा था। इसके चलते सातारा-पुणे मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब इस मार्ग का सेफ्टी ऑडिट पूरा हो गया है। इसके बाद पुणे की ओर जाने वाले वाहनों के लिए खंबाटकी घाट की सुरंग से खंडाला गांव तक का पूरा मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया है। सात महीने बाद एक लेन शुरू होने से सातारा-पुणे मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव और जाम की समस्या भी कम हो सकती है।


